गोरखपुर
सरकारी नौकरी–रेलवे ठेके के नाम पर 29 लाख की ठगी
‘ड्रीम जॉब’ का सौदागर खोराबार पुलिस के हत्थे चढ़ा ठग
गोरखपुर। सरकारी नौकरी और रेलवे में ठेका दिलाने का सुनहरा सपना दिखाकर 29 लाख रुपये हड़पने वाले शातिर ठग को आखिरकार खोराबार पुलिस ने दबोच लिया। लंबे समय से वांछित चल रहा अभियुक्त पुलिस की पकड़ से बचता फिर रहा था, लेकिन कानून का शिकंजा इस बार कस ही गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर पुलिस के अपराध नियंत्रण अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष खोराबार की अगुवाई में की गई कार्रवाई में अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी को सरकारी नौकरी और रेलवे में ठेका दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम ऐंठ लीया था
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने खुद को प्रभावशाली संपर्कों वाला व्यक्ति बताकर पीड़ित का भरोसा जीता। फिर सरकारी महकमों और रेलवे में “पक्की सेटिंग” का दावा करते हुए किस्तों में 29,00,000 वसूल लिए। जब न नौकरी मिली, न ठेकाbतो पीड़ित ने थाने की शरण ली। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ और जांच के बाद गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इससे पहले भी वह मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और गंभीर धाराओं में मुकदमे झेल चुका है। यह गिरफ्तारी उस कड़ी को और मजबूत करती है कि नौकरी–ठेका दिलाने के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े में संगठित गिरोह सक्रिय हैं।
उ.नि. अनूप कुमार के नेतृत्व में गठित टीम हेड कांस्टेबल राजेश प्रेमी और मिथिलेश राय की सतर्कता और मेहनत से यह बड़ी सफलता मिली। पुलिस का कहना है कि आरोपी के साथियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है और जरूरत पड़ी तो आगे और गिरफ्तारियां होंगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सरकारी नौकरी या रेलवे ठेका दिलाने का दावा करने वालों से सावधान रहें। किसी भी प्रकार की रकम देने से पहले वैधानिक प्रक्रियाओं की पुष्टि करें, अन्यथा ठगी का शिकार हो सकते हैं
फिलहाल अभियुक्त से पूछताछ जारी है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। खोराबार पुलिस की इस कार्रवाई से ठगों में हड़कंप है और पीड़ितों को इंसाफ की उम्मीद जगी है।
