अपराध
सब्जी बेचने वाले ने लॉरेंस के नाम पर सलमान खान से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर से गंभीर धमकी का सामना करना पड़ा है। हाल ही में जमशेदपुर के एक शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर उनसे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी ने धमकी दी कि अगर सलमान खान ने उसकी मांग पूरी नहीं की तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। यह घटना तब सामने आई है जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े मामलों की खबरें पहले से ही सुर्खियों में हैं।
मुंबई पुलिस ने आरोपी को जमशेदपुर से किया गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने सलमान खान से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाले एक शख्स को जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई तब की गई जब ट्रैफिक पुलिस को सलमान खान के नाम से जुड़ा धमकी भरा मैसेज प्राप्त हुआ। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन झारखंड में ट्रैक की और जमशेदपुर पुलिस की मदद से उसे हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 24 वर्षीय शेख हुसैन शेख मौसिन के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी बेचता है। 18 अक्टूबर को ट्रैफिक पुलिस को आरोपी द्वारा वॉट्सऐप पर एक धमकी भरा संदेश मिला था, जिसमें कहा गया था, “इस मैसेज को हल्के में मत लें, अगर सलमान खान को जिंदा रहना है और वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से दुश्मनी खत्म करना चाहते हैं, तो उन्हें 5 करोड़ रुपये देने होंगे। अगर पैसे नहीं दिए तो उनका हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा।”
इस धमकी के बाद 21 अक्टूबर को आरोपी ने फिर मुंबई पुलिस को एक और संदेश भेजा जिसमें उसने माफी मांगते हुए कहा कि वह मैसेज गलती से भेज दिया गया था।
सलमान खान इस समय बिग बॉस 18 की शूटिंग में व्यस्त हैं, साथ ही वह अपनी फिल्म ‘सिकंदर’ की शूटिंग भी कर रहे हैं। इसके अलावा, वे जल्द ही रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में चुलबुल पांडे के किरदार में नजर आएंगे।
