दुर्घटना
सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल की मौत
संतकबीर नगर। जनपद के धनघटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राम जानकी मार्ग स्थित टांडा चौराहे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में उत्तर प्रदेश पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल संत कबीर नगर के लिए रेफर कर दिया।
इस सड़क दुर्घटना में मृतक की पहचान जनार्दन यादव (45 वर्ष) पुत्र रामबृक्ष यादव के रूप में हुई है, जो ग्राम गाई बसन्तपुर के निवासी थे। जनार्दन यादव जनपद सिद्धार्थ नगर में उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी गर्दन पर जानलेवा चोट आई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घायलों में आजाद उर्फ दाढ़ी (18 वर्ष) निवासी संत कबीर नगर और मिथुन (26 वर्ष) निवासी जिला नवादा (बिहार) शामिल हैं।
जनार्दन यादव की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। उनके पीछे उनका भरा-पूरा परिवार है, जिसमें 20 वर्षीय पुत्र रजत यादव और 17 वर्षीय पुत्री श्रेया कुमारी हैं। पिता के अचानक निधन से बच्चों और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विधिक जांच में जुटी हुई है। वहीं जिला अस्पताल में भर्ती आजाद और मिथुन की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
