वाराणसी
संदिग्ध परिस्थितियों में एमए का छात्र लापता
वाराणसी। जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत दासेपुर गांव के रहने वाले राहुल सरोज (22 वर्ष) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। वह नंदलाल सरोज का पुत्र है और एमए का छात्र है। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह वह किसी जरूरी काम से घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी समय तक इंतजार और हर संभावित जगहों पर खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चल सका तो परिवार की चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने आसपास के गांवों में, रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कहीं से भी कोई ठोस सूचना नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजनों ने बड़ागांव थाने में लिखित तहरीर देकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दासेपुर के ग्राम प्रधान सोनू प्रसाद ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को राहुल सरोज कहीं दिखाई दे तो मोबाइल नंबर 9695101414 या 8299654762 पर तत्काल सूचना दें। सूचना देने वाले को उचित इनाम देने की घोषणा भी की गई है।
परिजनों के अनुसार राहुल पढ़ाई में होशियार और शांत स्वभाव का युवक है। उसकी लंबाई लगभग पांच फीट है, रंग सांवला है और कद मध्यम बताया जा रहा है। लापता होने के समय उसने साधारण कपड़े पहन रखे थे। परिवार का कहना है कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं था और वह बिना बताए कहीं नहीं जाता था।
पुलिस ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में लगातार जांच की जा रही है। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि राहुल सरोज के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल हरहुआ पुलिस चौकी या बड़ागांव थाने को सूचित करें। युवक के लापता होने से परिजनों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है और सभी उसकी सकुशल वापसी की कामना कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक छात्र का सुराग नहीं मिल सका था।
