Connect with us

गाजीपुर

संग्राम यादव की स्मृति में यादव महासभा ने किया आर्थिक सहयोग

Published

on

नन्दगंज (गाजीपुर)। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के तत्वावधान में बबेड़ी गांव में महासभा के जिला प्रवक्ता रहे स्वर्गीय संग्राम यादव की शोक सभा का आयोजन किया गया। सभा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संगठन की ओर से उनके परिवार को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

शोक सभा की शुरुआत स्व. संग्राम यादव की बड़ी पुत्री पूजा यादव द्वारा दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से हुई। इस भावुक क्षण को गायक रजनीकांत यादव ने अपने मार्मिक गीतों से और भी शोकपूर्ण बना दिया।

सभा को संबोधित करते हुए सदर विधायक जय किशन साहू ने कहा, “संग्राम यादव दोस्तों के लिए एक मिसाल थे। उन्होंने समाज और संगठन को ही अपना जीवन समर्पित कर दिया।” सपा नेता मार्कण्डेय यादव ने कहा, “जब संगठन में संग्राम यादव जैसे समर्पित लोग होते हैं, तभी वह समाज में लोकप्रियता की मिसाल बनता है। यादव महासभा इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है।”

Advertisement

यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने बताया कि महासभा ने यह संकल्प लिया है कि संकट की घड़ी में अपने पदाधिकारियों व सदस्यों के परिवार को हरसंभव आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। इसी क्रम में संग्राम यादव के परिवार को 51,000 रुपए की सहायता प्रदान की गई।

शोक सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने की, जबकि संचालन रामज्ञान यादव ने किया। इस अवसर पर कोटा ग्लोबल स्कूल बाघी की प्रिंसिपल पुनीता सिंह ‘खुशबू’, जिले व प्रदेश भर से जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, पंचायत प्रतिनिधि सहित यादव महासभा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से स्व. संग्राम यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page