Connect with us

वाराणसी

श्री बटुक भैरव मंदिर में हरियाली श्रृंगार और जल बिहार दर्शन कल

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। काशी के प्राचीन और प्रमुख मंदिरों में शामिल श्री बटुक भैरव मंदिर, कमच्छा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 24 अगस्त (रविवार) को भव्य हरियाली श्रृंगार एवं जल बिहार दर्शन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भक्तगण महादेव के अद्भुत बाल स्वरूप, श्री बाबा बटुक भैरव जी का दिव्य दर्शन करेंगे। इस बार बाबा का विशेष श्रृंगार रजत सिंहासन पर किया जाएगा।

मंदिर के महंत भास्कर पुरी और राकेश पुरी ने बताया कि बाबा बटुक भैरव, जो महादेव के बाल स्वरूप हैं, अपने भक्तों को सुख, समृद्धि और सुरक्षा का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। प्रातः काल से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। पंचामृत स्नान, मंगला आरती और प्रसाद वितरण के साथ दिव्य दर्शन की शुरुआत होगी। दोपहर में भोग और आरती होगी, जबकि रात आठ बजे 1008 बत्ती और सवा किलो कपूर से महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 51 भक्तों की डमरू-ध्वनि से पूरा वातावरण गुंजायमान होगा।

Loading...

इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए फूलों और हरियाली से सजे गुफा रूपी मार्ग का निर्माण किया गया है, जिससे भक्त बाबा के दरबार तक पहुंचेंगे। संपूर्ण सजावट का कार्य कोलकाता और वाराणसी के प्रसिद्ध मालियों को सौंपा गया है। मंदिर के चारों ओर बनाए गए भव्य स्वागत द्वार और विद्युत सज्जा से दृश्य और भी मोहक हो जाएगा।

महंतगण ने सभी श्रद्धालुओं और काशीवासियों से बाबा बटुक भैरव के इस भव्य हरियाली श्रृंगार एवं जल बिहार का दर्शन कर पुण्यलाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page