वाराणसी
श्रीकाशी विश्वनाथ में सुगम दर्शन के नाम पर अवैध वसूली, नौ आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में भक्तों से अवैध वसूली करने वाले नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी गेट नंबर दो स्थित सरस्वती फाटक के पास सक्रिय थे और श्रद्धालुओं को सुगम एवं शीघ्र दर्शन कराने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलते थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा मंदिर परिसर में अलग-अलग तरीकों से श्रद्धालुओं को फंसाकर अवैध वसूली की जा रही थी। इस संबंध में सूचना मिलने पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने गुप्त जानकारी के आधार पर छापेमारी कर उन्हें धर दबोचा। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से वह नकद राशि भी बरामद की, जो भक्तों से वसूली गई थी। मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध धंधे के पीछे कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।
काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इस प्रकार की गतिविधियां न केवल श्रद्धालुओं को परेशान करती हैं, बल्कि मंदिर की छवि को भी प्रभावित करती हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध वसूली के झांसे में न आएं और ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
