Connect with us

वाराणसी

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि, काशी को संवारने में जुटी सरकार: एके शर्मा

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शनिवार को वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने काशी के कोतवाल के रूप में प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजन के बाद मंत्री एके शर्मा ने कहा कि वाराणसी की पावन भूमि अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन से मन को गहरी शांति और आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है। यहां आकर जीवन को एक नई सकारात्मक दिशा मिलती है।

इसी क्रम में शनिवार की देर रात मंत्री एके शर्मा ने अचानक काशी की गलियों में पहुंचकर चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उनके औचक दौरे से प्रशासनिक अमला सतर्क हो गया और नगर आयुक्त सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने काल भैरव मंदिर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को निर्देश दिए कि मंदिर मार्ग पर अवैध अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और अन्य बाधाओं को शीघ्र हटाया जाए।

Advertisement

मंत्री ने कहा कि काल भैरव मंदिर श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में यहां की व्यवस्थाएं बेहतर और सुव्यवस्थित होनी चाहिए।

उन्होंने सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने, कूड़ा निस्तारण की नियमित व्यवस्था करने और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि वाराणसी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना नगर विकास विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मंत्री ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश देते हुए दोहराया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की स्वच्छ छवि बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page