राज्य-राजधानी
शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, लाखों का नुकसान
संतकबीरनगर। खलीलाबाद नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत चौरसियापुरम कॉलोनी, मोहद्दीनपुर रोड स्थित एक मकान में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। इस हादसे में घर का निचला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के सामान का नुकसान हुआ।
बता दें कि, मोहद्दीनपुर रोड चौरसियापुरम कॉलोनी निवासी श्याम करन चौरसिया के मकान में शाम करीब आठ बजे उस समय आग लगी, जब पूरा परिवार छत पर बैठकर भोजन कर रहा था। इसी दौरान बिजली के शॉर्ट सर्किट से मकान के निचले हिस्से में भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और नीचे स्थित कमरों को अपनी चपेट में ले लिया, जहां बच्चे रहते और पढ़ाई करते थे।

आग की चपेट में आकर बच्चों की कॉपी-किताबें, साइकिल, मेज, कुर्सी, सोफा, तख्त, बिस्तर और कपड़े समेत सारा सामान जलकर राख हो गया। बच्चों द्वारा अपनी पॉकेट मनी बचाकर लैपटॉप खरीदने के लिए जमा किए गए करीब तीस हजार रुपये भी आग में नष्ट हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
इस हादसे से बच्चों की पढ़ाई पर भी संकट खड़ा हो गया है। सामने परीक्षा होने के कारण बिना किताबों और नोट्स के तैयारी करना उनके लिए मुश्किल हो गया है। पीड़ित श्याम करन चौरसिया ने बताया कि वे कॉलोनी में ही एक छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक आई इस आपदा ने उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आग लगने की इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं पीड़ित परिवार को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है।
