राष्ट्रीय
शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण, राष्ट्रपति ने कई हस्तियों को किया सम्मानित

नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के विभिन्न क्षेत्रों की 69 प्रमुख हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। कला के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाली बिहार की प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके पुत्र द्वारा ग्रहण किया गया।
शारदा सिन्हा के अलावा गुजरात की कुमुदिनी रजनीकांत लाखिया को भी कला के क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया, जिनकी ओर से यह पुरस्कार उनके पोते ने प्राप्त किया।

तीन को पद्म विभूषण, नौ को पद्म भूषण और 57 को पद्म श्री
समारोह में कुल तीन हस्तियों को पद्म विभूषण, नौ को पद्म भूषण और 57 को पद्म श्री प्रदान किए गए। इनमें कन्नड़ फिल्मों के मशहूर अभिनेता अनंत नाग को पद्म भूषण, वहीं प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना, अभिनेत्री और कोरियोग्राफर डॉ. शोभना चंद्रकुमार को भी पद्म भूषण से नवाजा गया।
रिकी केज को मिला पद्म श्री
ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार रिकी केज को संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया गया। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित कई वरिष्ठ नेता और प्रतिष्ठित गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले 28 अप्रैल को भी राष्ट्रपति ने 71 अन्य हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया था। उस समय कर्नाटक के डॉ. लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को पद्म विभूषण, तथा अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण, निर्देशक शेखर कपूर, अभिनेता अजित कुमार और स्वर्गीय गायक पंकज उधास को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। पंकज उधास की ओर से यह पुरस्कार उनकी पत्नी फरीदा पंकज उधास ने प्राप्त किया था।