चन्दौली
वीडीए ने अवैध प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर, कॉलोनाइजरों में हड़कंप

डीडीयू नगर। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की ओर से क्षेत्र में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। अलीनगर नहर के पास करीब 6 बीघा भूमि पर हो रही अवैध प्लाटिंग को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही कॉलोनाइजरों के कार्यालय को भी गिरा दिया गया, जिससे क्षेत्र के अन्य कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर वीडीए के जोनल अधिकारी गौरव सिंह जयप्रकाश एवं अवर अभियंता अशोक कुमार यादव अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अलीनगर नहर के पास विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में निर्माण कार्य एवं सड़कों को जेसीबी से जमींदोज कर दिया। वहीं प्लॉटों की बाउंड्री वॉल को भी ध्वस्त कर दिया गया।
जोनल अधिकारी गौरव सिंह जयप्रकाश ने बताया कि संबंधित कॉलोनियां बिना मान्य नक्शा एवं ले-आउट स्वीकृति के अवैध रूप से विकसित की जा रही थीं। बीते 27 जनवरी को उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 के अंतर्गत संबंधित प्लॉटों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कॉलोनाइजरों ने न तो नक्शा पास कराया, न ही कोई वैध स्वीकृति प्राप्त की।
उक्त कार्रवाई के तहत अज्ञात कॉलोनाइजरों द्वारा कब्जा की गई करीब 6 बीघा भूमि पर बने अवैध प्लॉटों की बाउंड्री वॉल को गिरा दिया गया। वीडीए अधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि कोई भी व्यक्ति प्लॉट खरीदने से पहले वीडीए से उसकी वैधता की जानकारी अवश्य प्राप्त कर ले।
जोनल अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह अभियान भविष्य में भी अनवरत जारी रहेगा।