गोरखपुर
विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप, मायके पक्ष का हंगामा
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बैलों में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान वंदना (25) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और इसे दहेज हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक वंदना, गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर एक निवासी जयप्रकाश की बेटी थी। करीब पांच वर्ष पहले उसका विवाह पिपराइच के बैलों गांव निवासी महेश निषाद से हुआ था। दंपति की कोई संतान नहीं थी। बताया जा रहा है कि महेश निषाद रोज़गार के सिलसिले में लगभग एक माह पहले चेन्नई गए हुए थे। घटना के समय घर में पति मौजूद नहीं थे। ससुर त्रिलोकी किसी कार्य से बाहर गए थे, जबकि छोटा देवर ब्रह्मा गांव में ही था।
परिजनों के अनुसार जब ससुर त्रिलोकी घर लौटे तो मुख्य द्वार खुला मिला। अंदर प्रवेश करने पर बहू वंदना को फंदे से लटका देख वे स्तब्ध रह गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मायके वालों को दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में गांव पहुंचे और वंदना के साथ दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर तनाव की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने संभाला।
सूचना पर पिपराइच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। फोरेंसिक टीम ने कमरे, दरवाजों और आसपास के हालात की बारीकी से जांच की। पुलिस ने ससुराल और मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया है।
चौकी प्रभारी अजीत तिवारी ने बताया कि मामला गंभीर है। सभी पहलुओं—आत्महत्या, उत्पीड़न या अन्य कारण की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक निष्कर्ष आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। यदि दहेज प्रताड़ना या अपराध के साक्ष्य मिलते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य बनी हुई है। घटना ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न जैसे सामाजिक अपराध पर सवाल खड़े कर दिए ।
