मुम्बई
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, जांच में जुटी अंधेरी पुलिस
रिपोर्ट – धर्मेंद्र सिंह धर्मा, ब्यूरो चीफ मुंबई
मुंबई। अंधेरी पुलिस ने एक व्यक्ति से 12.54 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक वीजा कंसल्टेंसी कंपनी के मालिक और एक शाखा प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन लोगों पर आरोप है कि शिकायतकर्ता को कनाडा की नागरिकता और उत्तरी अमेरिकी देश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की चपत लगाई है।
पुलिस ने बताया कि, कांदिवली के रहने वाले 47 साल के नीलेश बलसारा ने अपनी शिकायत में कहा है कि कनाडा में नागरिकता पाने और उत्तरी अमेरिकी देशों में नौकरी के संदर्भ में उसने आरके ग्लोबल वीजा कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की वेबसाइट की जानकारी हासिल की थी। अंधेरी पूर्व स्थित इस कंपनी में वह साल 2018 में गया था। कंपनी के मालिक रेनू चड्डा और प्रबंधक संजय दवे ने उससे कंसल्टेंसी फीस के रूप में 83,850 रुपये वसूले थे। उसको विदेशी नागरिकता पाने के लिए इंटरनैशनल इंग्लिश लैंग्वेज टेस्टिंग सिस्टम (IELTS) परीक्षा पास करने की सलाह दी गई थी। उन्होंने इस परीक्षा को क्रैक कर लिया। बाद में कनाडा जाने की प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार करने को कहा गया। जुलाई 2019 तक कंपनी से कोई अपडेट नहीं मिला।

शिकायतकर्ता ने जब इस बारे में संजय दवे से बात की तो उसने कहा कि, उसने (नीलेश बलसारा) ने IELTS में कम अंक प्राप्त किए थे, इसलिए उसे कनाडा की नागरिकता तब मिलेगी, जब उसे वहां पर कोई नौकरी मिल जाए। संजय दवे ने बलसारा से कहा कि उसके बॉस चड्डा के उत्तरी अमेरिकी देश में काफी जान पहचान है। वह उसे नौकरी दिलाने में मदद करेंगे। संजय दवे ने बलसारा से इसके लिए 4.72 लाख रुपये मांगे। बलसारा ने रकम का भुगतान कर दिया। कंपनी से एक रसीद भी दी गई। उसे एक ऑफर लेटर दिया गया, लेकिन उसमें गलत पदनाम लिखा था, इसलिए उसे बलसारा ने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद रेनू चड्डा ने एक और ऑफर लेटर दिया। इसके लिए भी 2.36 लाख रुपये लिए गए।
नीलेश बलसारा ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपियों ने विदेश भेजने के नाम पर उससे साल 2018 से लेकर साल 2020 तक कई बार पैसे लिए। 2022 में, रेनू चड्डा ने बताया कि उसका प्रोफ़ाइल बंद कर दिया गया है। विदेश जाने के लिए उसे एक नया प्रोफ़ाइल बनाना होगा, उसे रकम जमा करने को कहा गया। धोखाधड़ी का अहसास होने पर बलसारा ने अंधेरी पुलिस स्टेशन में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
