Connect with us

वाराणसी

विकास भवन सभागार में हुई संवाद बैठक, क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र पंचायत प्रमुखों और खंड विकास अधिकारियों से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमुखों के साथ समन्वय स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान काशी विद्यापीठ क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने ग्राम पंचायत केसरीपुर स्थित भास्कर तालाब मंदिर के पास शौचालय निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि भूमि उपलब्ध कराने के लिए उप जिलाधिकारी सदर को पत्र भेजा जाए। इसी प्रकार ग्राम पंचायत घाटमपुर में स्कूल परिसर में शौचालय निर्माण की मांग पर अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर निर्माण पूर्ण कराने का आदेश दिया गया।

ग्राम पंचायत घाटमपुर, बनकट, मुडादेव और कौराता में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के बाद अब तक अधूरे पड़े रास्तों के संबंध में अधिशासी अभियंता जल निगम को एलएनटी के माध्यम से कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, चिरईगांव क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने गंगापुर निषाद बस्ती से धराधरपुर तक जाने वाले मार्ग के निर्माण संबंधी विवाद का मुद्दा उठाया। इस पर संबंधित खंड विकास अधिकारी को उप जिलाधिकारी से वार्ता कर विवाद निस्तारण कर सड़क निर्माण सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।

इस संवाद बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page