वाराणसी
वाराणसी की मुस्लिम महिलाओं ने प्रधानमंत्री को भेजी राखी
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस बार रक्षाबंधन का माहौल बेहद खास है। यहां मुस्लिम महिला मंच और अन्य महिलाओं ने मिलकर अपने हाथों से राखियां बनाई हैं और इन्हें देश के प्रधानमंत्री को भेजा है। उनका कहना है कि मोदी ने ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को नई आज़ादी दी है। इसी वजह से उन्होंने भाई के रूप में राखी भेजकर उनका आभार जताया है।
महिलाओं का मानना है कि पीएम मोदी ने न केवल सिंदूर की लाज रखी, बल्कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के ज़रिए बहनों के स्वाभिमान की रक्षा भी की। मुस्लिम महिला फाउंडेशन की सदस्याओं ने कहा कि राखियों के ज़रिए हम एकता और भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। इस कार्य में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय की महिलाएं मिलकर काम कर रही हैं।
राखी तैयार करते समय महिलाएं पारंपरिक ढोलक की थाप पर मंगल गीत भी गा रही थीं। उनका कहना है कि पीएम मोदी ने वोट बैंक की चिंता किए बिना ट्रिपल तलाक पर फैसला लेकर एक बड़े भाई की भूमिका निभाई है। उन्होंने बहनों के सम्मान को सुरक्षित कर उन्हें गर्व का अनुभव कराया है।
प्रधानमंत्री को भेजी गई ये राखियां ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर तैयार की गई हैं, जो इस बात का प्रतीक हैं कि देश की बहनें, धर्म से ऊपर उठकर अपने भाई को स्नेह और सम्मान दे रही हैं। महिलाओं की यही उम्मीद है कि मोदी उन्हें यह राखी पहनकर उनका मान और संदेश स्वीकार करेंगे।
