वाराणसी
वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के पास से मिली मशीन गन की बॉडी
एटीएस, एलआईयू और आर्मी इंटेलिजेंस मामले की जांच में जुटी
वाराणसी। जिले के बाबतपुर क्षेत्र में स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार सुबह एक यात्री के पास से हल्के मशीन गन (LMG) की मुख्य बॉडी बरामद हुई। यह खुलासा मुंबई जाने वाली एयर इंडिया (Air India) फ्लाइट एआई-2461 के चेक-इन काउंटर पर बैगेज स्कैनिंग के दौरान हुआ।
यात्री की पहचान आजमगढ़ के 35 वर्षीय अंकित राय के रूप में हुई। वह स्पिन क्राफ्ट कंपनी में कार्यरत हैं। सुरक्षाकर्मियों ने अंकित को तुरंत हिरासत में लेकर बाबतपुर पुलिस चौकी ले गये।
पूछताछ में अंकित राय ने बताया कि उनकी कंपनी को कानपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से मशीन गन पार्ट्स की सप्लाई का ठेका मिला था। वह एलएमजी की बॉडी को राजकोट ले जा रहे थे। अंकित ने यह भी बताया कि वह अपने बेटे के मुंडन संस्कार के लिए घर आये थे।
अंकित के अनुसार, कंपनी ने उन्हें निर्देश दिया था कि मशीन गन की बॉडी मुंबई होते हुए अहमदाबाद और फिर राजकोट पहुंचाई जाए।
इस मामले की जांच में एटीएस, एलआईयू और आर्मी इंटेलिजेंस की टीमें शामिल हैं। एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने बताया कि पुलिस इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां यात्री से पूछताछ कर रही हैं। साथ ही उसके पास मिले कागजातों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
