खेल
लियोनेल मेसी ने कोपा अमेरिका कप खिताब जीतकर रचा इतिहास
रिपोर्ट – सुभाष चंद्र सिंह
मियामी। अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने अपने खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है। मेसी ने दूसरी बार कोपा अमेरिका कप का खिताब जीता। मेसी ने यह उपलब्धि अर्जेंटीना के साथ हासिल की जिसने सोमवार को मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में कोपा अमेरिका कप फाइनल में कोलंबिया को 1-0 से मात दी। अर्जेंटीना ने रिकॉर्ड 16वीं बार कोपा अमेरिका का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा लियोनेल मेसी ने 45वीं ट्रॉफी जीतकर ब्राजील के दिग्गज खिलाड़ी डानी आल्वेज को पीछे छोड़ा।

अर्जेंटीना और कोलंबिया के बीच सोमवार को कोपा अमेरिका कप का फाइनल मैच बेहद रोमांचक रहा। लौटारो मार्तिनेज द्वारा 112वें मिनट में किए गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने रिकॉर्ड 16वीं बार खिताब अपने नाम किया। मैच के दौरान अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी के टखने में चोट लगने के कारण उन्हें मैच के दूसरे हाफ में बाहर होना पड़ा। दर्द और फाइनल मैच का जुड़ाव इतना था कि मेसी जब मैदान से बाहर जा रहे थे तो उनके आंखों में आंसू थे।
बता दें कि, लियोनेल मेसी ने पिछले तीन साल में अर्जेंटीना के साथ चार प्रमुख खिताब अपने नाम किए हैं। इसमें एक विश्व कप, दो कोपा अमेरिका कप और एक फिनालिसिमा शामिल है। वहीं, अपने चमकीले क्लब करियर में मेसी ने चार चैंपियंस लीग खिताब और 10 ला लीगा चैंपियनशिप जीते हैं।
