वाराणसी
रुपये के विवाद में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला, केस दर्ज
वाराणसी। जिले के चौबेपुर क्षेत्र में 500 रुपये के लेन-देन को लेकर एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बर्थरा कलां निवासी देवी प्रसाद मिश्रा ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, उनके पुत्र नवीन कुमार मिश्रा उर्फ रतन कुमार ने अंकित यादव उर्फ बीडी को 500 रुपये उधार दिए थे। गत दिनों शाम जब नवीन आजाद चौराहा सोनबरसा के पास आरोपी से अपने रुपये वापस मांगने पहुंचे, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में नवीन कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल युवक को चौबेपुर में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रकरण की गंभीरता से जांच कर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
