गोरखपुर
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को खिलाई गई पेट से कीड़े निकालने की दवा
जिले के स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्रों पर चला विशेष अभियान, 23.72 लाख बच्चों को दवा देने का लक्ष्य
गोरखपुर। जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों, मदरसों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) मनाया गया। इस दौरान एक से उन्नीस वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पेट से कीड़े निकालने की दवा (एल्बेंडाजोल) खिलाई गई।
पीपीगंज स्थित श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजेश झा ने शिरकत की। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि कृमि संक्रमण से बच्चों में कुपोषण, एनीमिया और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए साल में कम से कम दो बार कृमिनाशक दवा का सेवन जरूरी है।
उन्होंने बताया कि जिले में करीब 23.72 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 2503 सरकारी स्कूलों, 2069 निजी स्कूलों व मदरसों तथा 4244 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर दवा वितरित की गई।
उन्होंने यह भी कहा कि जो बच्चे मंगलवार को दवा खाने से छूट गए हैं, उन्हें 13 फरवरी को मॉप-अप राउंड के दौरान दवा दी जाएगी। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और भोजन के बाद सेवन करने पर अधिक असरदार होती है।
एसीएमओ आरसीएच डॉ. ए.के. चौधरी ने बताया कि दवा खाने के बाद कुछ बच्चों को हल्की मितली या चक्कर जैसा महसूस हो सकता है, जो सामान्य है और थोड़ी देर में अपने आप ठीक हो जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निडर होकर दवा जरूर खिलवाएं।
इस मौके पर विद्यालय में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। कार्यक्रम में डीसीपीएम रिपुंजय पांडेय तथा आरबीएसके योजना की डीईआईसी मैनेजर डॉ. अर्चना भी उपस्थित रहीं।
