धर्म-कर्म
राम मंदिर में पुजारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू
मुख्य पुजारी ने दी जानकारी
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या के भव्य राम मंदिर में पुजारियों और अर्चकों के लिए ड्रेस कोड लागू कर दिया है। अब पुजारी चौबंदी, सफेद धोती-कुर्ता और सिर पर पीली पगड़ी पहनकर पूजा-अर्चना करेंगे। प्रत्येक पुजारी को इस वेशभूषा के दो-दो सेट ट्रस्ट की ओर से प्रदान किए गए हैं। इस ड्रेस में राम जन्मभूमि का लोगो भी शामिल है, जिससे पुजारियों की विशिष्ट पहचान होगी।
राम मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास ने बताया कि मंदिरों की एक विशिष्ट पहचान होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए राम मंदिर के लिए यह ड्रेस कोड लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस ड्रेस कोड से पुजारियों की एकरूपता बनी रहेगी और मंदिर की गरिमा में वृद्धि होगी।
सख्त नियमों का पालन आवश्यक
ट्रस्ट ने पुजारियों के लिए कड़े नियम भी तय किए हैं। गर्भगृह में सेवा देने वाले पुजारी बाहर नहीं आएंगे और न ही किसी से संपर्क करेंगे। यदि वे किसी को स्पर्श करते हैं, तो उन्हें स्नान करना अनिवार्य होगा। मल्टीमीडिया मोबाइल का उपयोग भी पुजारियों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। गर्भगृह में नियुक्त पुजारी तब तक वहीं रहेंगे जब तक मंदिर बंद नहीं हो जाता या उनका स्थानांतरण नहीं किया जाता।
राम मंदिर में नए नियमों और ड्रेस कोड के लागू होने के बाद पुजारी इसी वेशभूषा में रामलला की सेवा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह कदम राम मंदिर की गरिमा और धार्मिक आस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
