गोरखपुर
राम प्रसाद बिस्मिल के बलिदान दिवस पर भाजपाइयों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
गोरखपुर। अमर बलिदानी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल के बलिदान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में गोरखपुर जिला कारागार स्थित शहीद स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पवित्र स्थल को नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मां भारती के वीर सपूत पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इन महान बलिदानियों ने अंग्रेजी शासन के प्रभुत्व के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश को दासता से मुक्त कराने के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि काकोरी कांड के इन महानायकों की देश के प्रति सच्ची निष्ठा और अटूट भक्ति करोड़ों भारतीयों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। उनके त्याग और बलिदान के मार्ग पर चलकर ही देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। जब-जब देश पर संकट आया है, मां भारती के वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की अस्मिता की रक्षा की है।
महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने कहा कि आज देशवासी चैन की सांस ले पा रहे हैं तो इसके पीछे इन महापुरुषों का बलिदान है। यदि ऐसे वीर सपूत न होते तो देश आजाद नहीं होता। काकोरी कांड के नायक पंडित राम प्रसाद बिस्मिल ने भारतीय युवाओं को यह संदेश दिया कि देशहित से बढ़कर कुछ भी नहीं है। उन्होंने अमर शहीद के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महानगर उपाध्यक्ष दयानंद शर्मा, महामंत्री ओम प्रकाश शर्मा, मंडल अध्यक्ष शिशिर वर्मा, मतां लाल यादव, आनंद अग्रहरी, मंडल अध्यक्ष प्रशांत विश्वकर्मा, प्रेम नाथ शुक्ला, गौरव तिवारी, डीएन यादव, जीएम सिंह, चन्द्रशेखर सिंह, राहुल गुप्ता, अच्युतानंद शाही, इन्द्र मणि सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
