चन्दौली
रामगढ़ त्रिमुहानी पर पानी लगने से लोग परेशान, प्रदर्शन कर दी चेतावनी
चहनियां (चंदौली)। रामगढ़ धाम पर जाने वाले रामगढ़ वाया गुरेरा मुख्य मार्ग पर पानी जमा रहता है। आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महोत्सव नजदीक होने के बावजूद अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सोमवार की शाम को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर चेतावनी दी।
बाबा कीनाराम जन्मोत्सव नजदीक है। गुरेरा वाया रामगढ़ मुख्य मार्ग से हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। रामगढ़ चौराहे पर बरसात के कारण हमेशा पानी भरा रहता है, जिससे कीचड़ होता है। आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। जबकि महोत्सव को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इधर से आते-जाते हैं, फिर भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर रहे हैं।
सोमवार की शाम को प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि बाबा कीनाराम जन्मोत्सव में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। मार्ग पर पानी और कीचड़ से लोगों का चलना दूभर हो गया है। महोत्सव में तो लाखों लोग आते हैं, आखिर वे कैसे आएंगे-जाएंगे।
प्रदर्शन में अवधेश सिंह, अनिल मौर्य, अजित मौर्य, सलमान अहमद, सर्वेश यादव, मनीष मौर्य, नागा बारी आदि उपस्थित रहे।
