Connect with us

वाराणसी

रात से सुबह तक 81 हॉटस्पॉट्स पर तैनात होंगे पुलिसकर्मी

Published

on

Loading...
Loading...

अपराध पर लगेगी लगाम, 162 पुलिसकर्मी करेंगे चौकसी

वाराणसी। ठंड के मौसम में बढ़ने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए काशी में पुलिस ने रातभर निगरानी की सख्त व्यवस्था शुरू कर दी है। कमिश्नरेट के वरुणा जोन में बीते तीन वर्षों के चोरी, लूट और डकैती के आंकड़ों के आधार पर 81 हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इन जगहों पर बुधवार रात से हर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक दो-दो पुलिसकर्मी वायरलेस सेट के साथ तैनात रहेंगे।

वरुणा जोन के रोहनिया, मंडुवाडीह, लोहता, कैंट, लालपुर पांडेयपुर, शिवपुर, सारनाथ, चौबेपुर और चोलापुर थाना क्षेत्रों में जीआईएस तकनीक की मदद से अपराध के संवेदनशील स्थानों को डिजिटल मैप पर चिह्नित किया गया है। कुल 162 पुलिसकर्मियों की निगरानी एसीपी और डीसीपी स्तर के राजपत्रित अधिकारी करेंगे।

रात 2 से 4 बजे विशेष सतर्कता

पुलिस के अनुसार, रात 2 बजे से 4 बजे के बीच चोरी की घटनाएं सबसे अधिक होती हैं। इस दौरान हाईवे और रिंग रोड के किनारे स्थित थाना क्षेत्रों जैसे रोहनिया, लोहता, कैंट, शिवपुर, लालपुर पांडेयपुर और सारनाथ में पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement

सिविल ड्रेस में होगी गश्त

वरुणा जोन की पुलिस अब सादे कपड़ों में भी गश्त करेगी। टू-व्हीलर और ऑटो में घूमने वाली इस टीम का मुख्य फोकस बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और बाहरी जनपद व प्रदेशों के संदिग्ध वाहनों पर रहेगा।

रात्रिकालीन चेकिंग और बैरिकेडिंग

शहर के एंट्री पॉइंट्स पर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की जाएगी। प्रमुख चौराहों और तिराहों पर पुलिसकर्मी अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए ड्यूटी करेंगे।

एडीसीपी वरुणा जोन, सरवणन टी. ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य ठंड के दिनों में चोरी, लूट और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना है। रोजाना एक राजपत्रित अधिकारी सभी 81 हॉटस्पॉट पर चेकिंग करेंगे ताकि ड्यूटी में कोई लापरवाही न हो।

Advertisement

इस अभियान के तहत रात्रिकालीन गश्त पार्टी पहले की तरह काम करेगी, लेकिन चिह्नित हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रहेगी। पुलिस की इस नई रणनीति से शहरवासियों को अपराध मुक्त और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page