Connect with us

शिक्षा

यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से, नकल पर सख्त पहरा; प्रशासन अलर्ट

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं आगामी 18 फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं। इसे लेकर जनपद वाराणसी में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय दिखाई दे रही है। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलमुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इस वर्ष जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में लगभग 92 हजार परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। इन परीक्षार्थियों के लिए जिले में कुल 118 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए संवेदनशील एवं अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जोनल मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली गई हैं, जिससे परीक्षार्थी बिना किसी तनाव के शांतिपूर्वक परीक्षा दे सकें।

Advertisement

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा पूर्व में केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा केंद्रों के आसपास सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में स्थित स्टेशनरी और फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। यदि कहीं से नकल या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता की सूचना प्राप्त होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले मार्गों पर भी पुलिस की तैनाती की जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page