Connect with us

गोरखपुर

मोबाइल गुम होते ही खाते से उड़े एक लाख, खोराबार पुलिस ने पूरी रकम कराई वापस

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए खोराबार पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार हुए एक व्यक्ति के खाते से उड़े पूरे 1 लाख रुपये को वापस दिलाकर पुलिस ने न सिर्फ पीड़ित को राहत दी, बल्कि आम जनता में भरोसा भी मजबूत किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ कौस्तुभ द्वारा चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में थाना खोराबार की टीम ने यह सराहनीय कार्य किया। थानाध्यक्ष सुधांशु सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायत को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई शुरू की।

मामले के अनुसार, पीड़ित का मोबाइल फोन 13 अक्टूबर 2024 को दिल्ली में कहीं गुम हो गया था। इसी मोबाइल के जरिए अज्ञात साइबर अपराधियों ने उसके बैंक खाते से अलग-अलग तिथियों में पैसे विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिए। जब पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई, तो उसने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही खोराबार थाना की साइबर सेल सक्रिय हो गई। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रेल के आधार पर टीम ने उन खातों की पहचान की, जिनमें पैसे ट्रांसफर किए गए थे। तत्पश्चात संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित कर रकम को होल्ड कराया गया। विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अंततः ₹1,00,000 की पूरी राशि सुरक्षित वापस पीड़ित के खाते में ट्रांसफर करा दी गई।

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुधांशु सिंह, महिला उपनिरीक्षक श्रुति वर्मा, साइबर नोडल उपनिरीक्षक शुभम शर्मा तथा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए बीर बहादुर सिंह यादव की अहम भूमिका रही।

Advertisement

खोराबार पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page