वाराणसी
मेहंदीगंज में केवीके वैज्ञानिकों ने चलाया पोषण जागरूकता अभियान
गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर दिया गया जोर
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज गांव स्थित पंचायत भवन में मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) कल्लीपुर के सौजन्य से “पोषण पखवाड़ा 2025” के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष तक के बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी देना था।
कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं केवीके अध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार सिंह, गृह वैज्ञानिक डॉ. प्रतीक्षा सिंह, सीडीपीओ (आराजीलाइन) सुजीत सिंह, वानिकी वैज्ञानिक डॉ. मनीष पांडेय, कृषि प्रसार वैज्ञानिक डॉ. राहुल कुमार सिंह, पशु वैज्ञानिक पूजा सिंह समेत कई विशेषज्ञ मौजूद रहे। बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं, गर्भवती महिलाएं, आशा सखियां और छोटे बच्चों की माताएं शामिल हुईं।
गृह वैज्ञानिक डॉ. प्रतीक्षा सिंह ने गर्भवती महिलाओं को पोषक तत्वों की आवश्यकता और आहार संतुलन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने हरी पत्तेदार सब्जियों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी, ताकि विटामिन ए, सी, आयरन और अन्य आवश्यक तत्वों की पूर्ति हो सके।
डॉ. श्रीप्रकाश ने किशोरियों और महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) को दूर करने हेतु सहजन और इसके पत्तों के उपयोग को लाभकारी बताया। वहीं डॉ. मनीष पांडेय ने फलों व सब्जियों के माध्यम से पोषण प्राप्त करने की महत्ता पर प्रकाश डाला।
कृषि प्रसार वैज्ञानिक डॉ. राहुल कुमार सिंह ने “श्री अन्न” यानी मोटे अनाज के उपयोग को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताते हुए मल्टीग्रेन आटा व दालों के मिश्रण से घर पर पौष्टिक भोजन तैयार करने की सलाह दी।
शिवानी ने भोजन में विविधता बनाए रखने तथा बिना मौसम की सब्जियों और फलों की उपलब्धता हेतु मूल्य संवर्धन एवं प्रसंस्करण के उपाय सुझाए।
पशु वैज्ञानिक श्रीमती पूजा सिंह ने बकरी, गाय व भैंस के दूध के पोषणात्मक लाभों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को संतुलित आहार, पौष्टिकता और स्थानीय संसाधनों से स्वास्थ्यवर्धक भोजन तैयार करने के बारे में जागरूक किया गया। आयोजन ने ग्रामीण महिलाओं में पोषण संबंधी ज्ञान को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
