वाराणसी
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

मुख्यमंत्री ने सनबीम स्कूल के मृत शिक्षक की पत्नी से की बात
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ शिकायतों के निस्तारण का निर्देश दिया। यह पहली बार था जब सीएम ने गोरखपुर और लखनऊ से बाहर वाराणसी में जनता दर्शन किया।
शनिवार सुबह आठ बजे से सर्किट हाउस में जनता दर्शन की शुरुआत हुई। करीब 50 लोग इस दौरान सीएम से मिले। मुख्यमंत्री आमतौर पर गोरखपुर में ही जनता दर्शन करते हैं, जहां राज्यभर से लोग अपनी समस्याएं लेकर जाते हैं। वाराणसी में इसे मिनी जनता दर्शन का रूप दिया गया।
सर्किट हाउस में 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी, जो सुबह सवा सात बजे तक पूरी तरह भर गई। इसके बाद अधिकारी बाहर खड़े लोगों से एप्लिकेशन लेने लगे। कई लोग अंदर जाने की जिद करते रहे, लेकिन अफसरों ने समझाया कि सभी प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुँचाए जाएंगे।
जनता दर्शन के दौरान सनबीम स्कूल के मृतक शिक्षक प्रवीण झा की पत्नी से मुख्यमंत्री ने बातचीत की और एक मिनट की मुलाकात में दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ज्ञात हो कि वाराणसी दौरे पर आने पर मुख्यमंत्री आमतौर पर जनप्रतिनिधियों और लगभग 30-35 प्रमुख लोगों से बंद कमरे में मुलाकात करते हैं। इस बार राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के अनुसार, काशी की जनता से सीधे संवाद के लिए जनता दर्शन जैसी व्यवस्था की गई।