गाजीपुर
मिशन शक्ति : महिला ग्राम प्रधानों को किया गया सम्मानित

महिलाओं को दी गई सरकारी योजनाओं व हेल्पलाइन की जानकारी
गाजीपुर। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत विकास भवन सभागार में जिला पंचायत विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार महिला ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय एवं अपर जिला पंचायत राज अधिकारी/परियोजना निदेशक दीन दयाल ने ग्राम फ़तेहुल्लापुर की सुनीता देवी, ग्राम मिथुनपार की इतवारी देवी, ग्राम बिशनपुरा पिपरी की बिंदु यादव तथा ग्राम सेमराचक की रानी देवी को उनके ग्राम सभाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की मैनेजर प्रियंका प्रजापति ने महिलाओं के प्रति हिंसा एवं घरेलू उत्पीड़न की शिकार महिलाओं को सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। वहीं जिला समन्वयक संतोष कुमार सिंह ने चाइल्डलाइन (1098) की कार्यप्रणाली बताते हुए कहा कि यह सेवा संकटग्रस्त बच्चों की 24×7 सहायता करती है और जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद उपलब्ध कराती है।
इस दौरान प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, कन्या सुमंगला योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 1098, 108, 1090, 1930, 181, 101, 112 के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिला ग्राम प्रधानों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया और समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।