मिर्ज़ापुर
मिर्जापुर : आम आदमी पार्टी के जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न
पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में 50,000 सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा
आम आदमी पार्टी (आप) के जिला कार्यकारिणी की बैठक मिर्जापुर के जिला कार्यालय, बी सिंह अकैडमी भरूहना पर संपन्न हुई। इस बैठक में पार्टी के सदस्यता अभियान, ग्राम सभा कमेटी और बूथ/वार्ड कमेटियों के गठन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मिर्जापुर नगर विधानसभा सहित जिले के सभी विधानसभाओं में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में मिर्जापुर नगर विधानसभा में 26 दिसंबर 2024 को नगर क्षेत्र में एक बड़ा सदस्यता अभियान चलाने और 5 जनवरी 2025 को मिर्जापुर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी। बैठक के दौरान नगर अध्यक्ष द्वारा सदस्यता अभियान में भारी शिथिलता बरतने पर जिला अध्यक्ष प्रोफेसर बी सिंह ने नगर अध्यक्ष और नगर समिति को फटकार लगाई और निर्देश दिया कि अभियान को नगर क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए।

मुख्य अतिथि आम आदमी पार्टी काशी प्रांत के प्रदेश सचिव एवं भदोही जिला प्रभारी सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी आज पूरे देश में आम आदमी की आवाज बन चुकी है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और सांसद संजय सिंह लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी के रूप में पूरे देश में कार्य कर रहे हैं। दिल्ली और पंजाब में पार्टी को मिली सफलता के बाद अब पार्टी पांच राज्यों की विधानसभा में भी अपने प्रतिनिधित्व के लिए जनता की पसंद बन चुकी है।
सुनील कुमार पांडे ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मिर्जापुर में 50,000 लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में तानाशाही सरकार को हटाने के लिए पार्टी ही संघर्ष कर रही है और आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ही जनता की एकमात्र पसंद होगी।

मिर्जापुर जिला अध्यक्ष प्रोफेसर बी सिंह ने कहा कि मिर्जापुर में पार्टी के सदस्यता अभियान को पांच विधानसभा क्षेत्रों, 12 ब्लॉक और चार नगर पालिकाओं तक व्यापक स्तर पर पहुंचाने की योजना बनाई गई है। 5 जनवरी 2025 को रविवार को मिर्जापुर में एक बड़ा सदस्यता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निष्क्रिय पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि केवल सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही पार्टी में जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
बैठक में जिला सचिव संजय कुमार चौधरी एडवोकेट को जिला बार एसोसिएशन मिर्जापुर का सचिव निर्वाचित होने पर बधाई दी गई। बैठक में दिलीप सिंह गहरवार एडवोकेट (जिला महासचिव), रविंद्र सिंह चड्ढा (जिला अध्यक्ष, व्यापार प्रकोष्ठ), मीरा देवी पटेल (जिला अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ), सीमा खान, रविंद्र श्रीवास्तव, जयप्रकाश सेठ (जिला उपाध्यक्ष), मोहन कुमार केसरी, छोटेलाल तिवारी, हेमंत कुमार कुशवाहा, संतोष सोनी, अहमद हुसैन, अमित खन्ना, आशीष कुमार मौर्य, राजबहादुर मौर्य, राकेश उपाध्याय, सीमा देवी, और मोहन कुमार केसरी सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला महासचिव दिलीप सिंह गहरवार एडवोकेट ने किया।
