Connect with us

वाराणसी

महिला कजली महोत्सव में मानापुर गाँव की महिलाओं ने बाजी मारी

Published

on

Loading...
Loading...

नागेपुर में जीवंत हुई काशी की लोक कला, महिलाओं ने बांधी शमा

कजली के माध्यम से महिलाओं ने माँगा बराबरी का अधिकार

मिर्जामुराद (वाराणसी)। लोक समिति व आशा ट्रस्ट के तत्वावधान में यूनियन बैंक नागेपुर के सहयोग से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में शनिवार को महिला कजली महोत्सव का आयोजन किया गया। महिला कजली महोत्सव में सेवापुरी ब्लॉक से मानापुर गाँव की महिलाओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर राजपुर और तीसरे स्थान पर आशा सामाजिक विद्यालय नागेपुर की नन्ही-मुन्नी बच्चियों की टीम रही। कार्यक्रम में करीब 50 गाँवों की महिलाओं ने भारी संख्या में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कजली महोत्सव में महिलाओं ने पारम्परिक गीतों के साथ-साथ देशभक्ति, मनरेगा, शिक्षा, महिला हिंसा, मौजूदा समय में महिलाओं की स्थिति, भ्रष्टाचार जैसे सामयिक मुद्दों पर गीतों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की।

बारिश का मौसम और लोक संगीत—यही तो काशी की सांस्कृतिक पहचान है। यहाँ हर महीने के लिए अलग-अलग गीत-संगीत, तीज-त्योहार का विधान है। हर पर्व के लिए अलग गीत और संगीत हैं, तभी तो इसे सांस्कृतिक राजधानी का दर्जा हासिल है। ऐसे में संस्कृति के संरक्षण में जुटी लोक समिति की पहल पर नागेपुर में आयोजित हुआ कजली महोत्सव। दिनभर चले इस कजली महोत्सव में गाँव-गिराँव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अच्छी प्रतियोगिता हुई। सभी ने सधे स्वर में कजली सुनाई जिसे सुनकर वहाँ मौजूद श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। प्रतियोगिता कब खत्म हो गई, पता ही नहीं चला।

Advertisement

विजेता टीम के सभी सदस्यों को लोक समिति, आशा ट्रस्ट और यूनियन बैंक शाखा नागेपुर की तरफ से क्रमशः शील्ड, कंबल, जग, बाल्टी तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाली अन्य टीमों को थाली के रूप में सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में वाराणसी जिले के अलग-अलग गाँवों से महिला स्वयं सहायता समूह की कुल 30 टीमों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि के रूप में आए रोहनिया विधायक सुनील सिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य अमन सिंह, प्रधान संघ अध्यक्ष मुकेश कुमार, लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के डीजीएम शैलेन्द्र कुमार, एलडीएम अविनाश अग्रवाल और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के नागेपुर शाखा प्रबंधक इन्द्र मोहन ने दीप प्रज्वलन कर की।

Advertisement

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। यूनियन बैंक के डीजीएम शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि आज आधुनिकता के दौर में हमारी प्राचीन संस्कृति खत्म होती जा रही है। ऐसे में लोक संस्कृति पर केंद्रित इस तरह के आयोजन से महिलाओं को समाज में अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा और हमारी संस्कृति भी मजबूत होगी। इस अवसर पर यूनियन बैंक की ओर से वित्तीय समावेशन कैम्प का आयोजन किया गया। कैंप में लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई और कई लोगों को वित्तीय सहायता राशि एवं स्वरोजगार के लिए लोन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन अनीता और आशा ने किया, स्वागत सोनी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने किया।

इस अवसर पर रोहनिया विधायक सुनील पटेल, पूर्व विधायक महेन्द्र सिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य अमन सिंह, विजय मौर्या, ग्राम प्रधान राम प्रकाश मास्टर, कन्हैया राजभर, क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष पटेल, अनीता, सोनी, विद्या, चन्द्रकला, पंचमुखी, श्यामसुन्दर, सीमा, मनीषा, मनजीता, मैनम, बेबी, राजकुमारी, प्रेमा, शिवकुमार, रामबचन सुनील समेत स्वयं सहायता समूह की सैकड़ों महिलाएँ शामिल रहीं। वहीं, निर्णायक मंडल के रूप में बहादुर, लालचंद, रामसहारे, चन्द्रिका, देवनाथ और ज्योति गुप्ता रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page