राज्य-राजधानी
महिला इंस्पेक्टर पर आय से अधिक संपत्ति का केस, जांच में खुले कई राज

मेरठ। यूपी पुलिस की चर्चित महिला इंस्पेक्टर नरगिस खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मेरठ के मेडिकल थाने में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। मामला सीधे तौर पर आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि 1 जनवरी 2007 से 31 मार्च 2021 तक नरगिस की कुल वैध आय लगभग 5 करोड़ 36 लाख रही, लेकिन इसी दौरान उनके खर्च 10 करोड़ 59 लाख से ज्यादा पाए गए।
मेरठ एंटी करप्शन थाने के प्रभारी दुर्गेश कुमार ने लखनऊ भ्रष्टाचार निवारण संगठन के आदेश पर यह केस दर्ज कराया। फिलहाल नरगिस बरेली के अपराध अनुसंधान विभाग में तैनात हैं। पहले भी 2021 में उन पर आरोप लगे थे, जिसके बाद 2022 में मेरठ टीम को जांच सौंपी गई थी।
जांच में सामने आया कि नरगिस ने न सिर्फ अपनी आय से दोगुनी रकम खर्च की, बल्कि प्रॉपर्टी खरीद, पारिवारिक जरूरतों और अन्य मदों में भारी खर्च किया गया। जवाब मांगने पर भी वे सही स्पष्टीकरण नहीं दे पाईं। जांच अधिकारियों ने बैंक खातों और संपत्ति लेनदेन की गहन पड़ताल की है।
नरगिस खान सपा शासनकाल में कई प्रभावशाली पदों पर तैनात रही हैं। उनका रसूख इतना था कि उनके पति सुरेश यादव उर्फ शेखर पर भी करोड़ों के गबन का आरोप लगा। वर्तमान में सुरेश यादव मेरठ में नंदिनी बार चलाते हैं, जो गढ़ रोड क्षेत्र में स्थित है। यह भी खुलासा हुआ है कि उनके पास कई चल-अचल संपत्तियां हैं, जिनकी पड़ताल अब आयकर विभाग कर रहा है।
इस केस ने यूपी पुलिस और प्रशासन में हलचल मचा दी है। माना जा रहा है कि जांच की परतें खुलने पर कई और नाम सामने आ सकते हैं।