Connect with us

राज्य-राजधानी

महाशिवरात्रि को लेकर तामेश्वरनाथ धाम का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण

Published

on

Loading...
Loading...

सुरक्षा व व्यवस्थाओं के सख्त निर्देश

संतकबीर नगर। महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त बस्ती मंडल श्री अखिलेश सिंह एवं उप पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र श्री संजीव त्यागी जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के साथ तामेश्वरनाथ शिव मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत मंदिर परिसर में की जा रही तैयारियों, कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन जायजा लिया। जलाभिषेक के दौरान संभावित लंबी कतारों को देखते हुए बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, रूट डायवर्जन तथा ट्रैफिक प्लान की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की आवागमन सुचारु रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए।

अधिकारियों ने मेला क्षेत्र एवं मंदिर परिसर में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने, अग्निशमन दल की तैनाती सुनिश्चित करने, स्वयंसेवकों की सहायता लेने तथा खोया-पाया केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।

मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, मंदिर के पुजारीगण तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पूर्व वर्षों की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया गया तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जनपद की शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण परंपरा को बनाए रखते हुए महाशिवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे और समरसता के साथ मनाया जाए।

Advertisement

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिवभक्तों एवं मेलार्थियों के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए। किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर रहेगा। संभावित घटनाओं की रोकथाम हेतु पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने, चेन स्नेचिंग एवं चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान को सख्ती से लागू करने एवं भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाबा तामेश्वरनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना भी की तथा परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय परीक्षण किया।

इस अवसर पर मंदिर के पुजारीगण, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि पर्व के दौरान शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

प्रशासनिक तैयारियों से स्पष्ट है कि इस बार तामेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्थित आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page