मुम्बई
महाराष्ट्र में शुरू हुआ ‘मुख्यमंत्री मेरी लाडली बहन योजना’, 1500 रुपये महीने मिलेगी आर्थिक सहायता
जानें क्या होंगी शर्तें व नियम
रिपोर्ट – धर्मेंद्र सिंह धर्मा, ब्यूरो चीफ मुंबई
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मुख्यमंत्री मेरी लाडली बहन योजना’ के तहत आवेदन एक जुलाई यानी सोमवार से शुरू हो गया है। इस योजना के लिए पात्र महिलाएं 15 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं। वित्त मंत्री अजित पवार द्वारा पेश किए बजट में इस योजना की घोषणा की गई है, जिसमें 21 से 60 वर्ष तक की महिलाएं 1,500 रुपये हर महीने प्राप्त कर सकती हैं। इसके लिए सरकार ने 46,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार को उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव में महायुति के लिए यह योजना गेम चेंजर साबित होगा।
शासनादेश के मुताबिक, 16 जुलाई को आवेदकों की सूची प्रकाशित की जाएगी, जिस पर सुझाव-आपत्ति के बाद अंतिम सूची 1 अगस्त को आएगी। इसके बाद 14 अगस्त को पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। इसके बाद हर महीने 15 तारीख को पैसे ट्रांसफर होंगे।
1500 रुपये हर माह पाने के लिए इन शर्तों का करना होगा पालन –
‘मुख्यमंत्री मेरी लाडली बहन योजना’ के तहत महिलाओं को हर माह 1500 रुपये दिए जाने की घोषणा राज्य सरकार ने की है। लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें भी तय की गई हैं। जैसे परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार की किसी भी आर्थिक योजना से 1,500 रुपये से ज्यादा प्राप्त न हो रहे हों। डोमेसाइल सर्टिफिकेट हो। परिवार का कोई सदस्य इनकम टैक्स न भरता हो। घर में किसी भी व्यक्ति के नाम पर चार पहिया वाहन नहीं होना चाहिए (ट्रैक्टर छोड़कर)।
