मिर्ज़ापुर
मड़िहान रोडवेज बस स्टैंड के पास सड़क के गड्ढे बने हादसे का सबब
सरकार ने 31 नवंबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा किया था और संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए था
मिर्जापुर। जनपद के मड़िहान रोडवेज बस स्टैंड के पास लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के कारण सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। इन गड्ढों की स्थिति इतनी खतरनाक हो चुकी है कि लोगों की जान पर बन आई है।
हाल ही में हुई एक घटना ने बाजारवासियों को झकझोर कर रख दिया। दो दिन पहले एक बाइक सवार गड्ढे में गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना में उसकी जान इसलिए बच पाई क्योंकि पीछे आ रही ट्रक ने समय रहते ब्रेक लगा दी। इस घटना ने एक बार फिर इन जानलेवा गड्ढों की ओर ध्यान आकर्षित किया है।
सरकार ने 31 नवंबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा किया था और संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए थे। बावजूद इसके, सड़कों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। मड़िहान क्षेत्र की यह सड़क न केवल सरकार के दावों पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि लोक निर्माण विभाग सरकार के निर्देशों की कितनी अवहेलना कर रहा है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ऐसी लापरवाही न केवल जनता की जान के लिए खतरा है, बल्कि प्रदेश सरकार की छवि को भी धूमिल कर रही है। मिर्जापुर जैसे क्षेत्र में जहां मुख्यमंत्री की छवि को साफ और प्रभावी माना जाता है, वहां इस तरह की लापरवाही उनके विकास कार्यों को प्रभावित कर रही है।
बाजारवासियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत की जाए। साथ ही, ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई हो जो सरकार के निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं। यदि समय रहते इन गड्ढों को नहीं भरा गया, तो और बड़े हादसे होने की आशंका है।
