वाराणसी
भेलूपुर अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र सुविधा बहाल
वाराणसी। स्वामी विवेकानंद मंडलीय हॉस्पिटल, भेलूपुर में अब दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। जिला दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक में दिव्यांग बंधु डॉ. उत्तम ओझा द्वारा उठाई गई मांग के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी ने पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी है। जारी पत्र के अनुसार प्रत्येक माह के तृतीय और चतुर्थ गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्वामी विवेकानंद मंडलीय हॉस्पिटल, भेलूपुर चौराहे पर दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. उत्तम ओझा ने बताया कि कोरोना काल से पहले उनके अनुरोध पर उक्त अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाते थे, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान यह सुविधा बंद हो गई थी। इसके कारण काशी के दक्षिणी क्षेत्र में रहने वाले दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय चिकित्सालय, पांडेपुर या कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि इस समस्या को देखते हुए जिला दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी से अनुरोध किया गया था, जिस पर तत्काल निर्णय लेते हुए यह व्यवस्था पुनः शुरू करने की कार्रवाई की गई। डॉ. उत्तम ओझा ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी वाराणसी, मुख्य विकास अधिकारी वाराणसी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी तथा दिव्यांगजन विभाग अधिकारी वाराणसी के प्रति आभार व्यक्त किया।
