गोरखपुर
बैंक से लौट रहे युवक से लूट का 24 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। जनपद में अपराध पर शिकंजा कसते हुए पीपीगंज पुलिस ने बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे युवक से हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस सनसनीखेज घटना में शामिल चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए 32 हजार रुपये, बैग तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। त्वरित कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम को 11 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
बताया गया कि 11 फरवरी 2026 को वादी बैंक से 32 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उसे रोक लिया और झपट्टा मारकर रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर थाना पीपीगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को तत्काल खुलासे के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने गौरव कुमार हरिजन, रंजीत यादव, शशांक गौण और मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर लूट की पूरी रकम, बैग और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।
