गोरखपुर
बुआई किए गेहूँ के खेत में मनबढ़ ने भरा पानी, फसल बर्बाद
गोरखपुर। जिले के हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बरसिंहां की रहने वाली शशिकला देवी पत्नी रामउजागर यादव की शिकायत पर पुलिस ने अस्मित यादव पुत्र रमेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 352 व 115(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पीड़िता शशिकला देवी ने थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि 3 दिसंबर को गांव के ही अस्मित यादव ने उनके बुआई किए गेहूँ के खेत में जानबूझकर पानी भर दिया, जिससे पूरी फसल नष्ट हो गई। विरोध पर आरोपित ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शशिकला देवी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
इस मामले पर थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई व जांच की जा रही है।
