गाजीपुर
रोहित यादव बने ग्राम प्रधान, 328 वोटों से मिली बड़ी जीत
गाजीपुर। जिले के बहरियाबाद क्षेत्र स्थित ग्राम सभा मुबारकपुर हरतरा में लंबे समय से रिक्त ग्राम प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में रोहित यादव ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी प्रमोद यादव को 328 मतों के अंतर से हराकर प्रधान पद पर कब्जा जमाया।
ग्राम सभा में हुए चुनाव में रोहित यादव को 328 वोट, प्रमोद यादव को 299 वोट, राहुल को 75 वोट, शर्मिला को 70 वोट, जबकि शानू को कोई मत नहीं मिला। काउंटिंग के बाद रोहित यादव को विजयी घोषित किया गया। उनकी जीत की खबर पूरे गांव में उत्साह की लहर ले आई, और समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

यह रोहित यादव का पहला चुनाव था, लेकिन उनके अच्छे आचरण और जनसेवा की भावना ने ग्रामीणों को प्रभावित किया, जिससे उन्हें भारी समर्थन मिला। उनके चाचा एवं पूर्व ग्राम प्रधान प्रवेश यादव ने भी अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों के कारण जनता ने फिर से भरोसा जताया है।
अपनी जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान रोहित यादव ने कहा कि वह बिना भेदभाव के ग्राम सभा के सभी लोगों की सेवा करेंगे और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगे। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही क्षेत्र के गणमान्य लोग उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं।
