वायरल
बहराइच हिंसा पर बोली प्रियंका गांधी – सरकार तुरंत एक्शन ले
अजय राय ने कहा- योगी इस्तीफा देकर मठ में जाएं
बहराइच में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसा भड़क उठी, जिसके चलते एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों ने विभिन्न स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इस घटना के संदर्भ में सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि, बहराइच में हो रही हिंसा और प्रशासन की निष्क्रियता दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन से जनता का भरोसा जीतने और हिंसा रोकने के लिए त्वरित कदम उठाने की मांग की।
प्रियंका गांधी ने आम जनता से अपील की कि वे कानून को अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अजय राय बोले- मुख्यमंत्री को इस्तीफा देकर मठ जाना चाहिए

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बहराइच में हुई हिंसा को लेकर योगी सरकार को घेरा है। अजय राय ने कहा, पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम है। बहाराइच में गोली चली है। योगी के बस का नहीं रह गया है। उनको इस्तीफा देकर मठ चले जाना चाहिए।
सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी
पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने घटना की जानकारी देते हुए कहा था, महसी तहसील के अंतर्गत महाराजगंज इलाके में तनाव था। जब एक जुलूस मुस्लिम बहुल इलाके से गुजर रहा था तभी दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने करीब 30 लोगों को हिरासत में लिया है। अशांति प्रभावित सभी क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
