Connect with us

वाराणसी

रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री ने दिया बच्चे को जन्म

Published

on

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन पर रविवार दोपहर उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला, जब एक महिला यात्री ने फुट ओवर ब्रिज पर अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। यह अनोखी घटना हरदत्तपुर साइड स्थित एफओबी पर दोपहर लगभग 1 बजे घटी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के थाना महोली अंतर्गत ग्राम गोल्ड रहिया निवासी पूजा, पति संतोष गुलरिया के साथ वाराणसी पहुँची थीं। प्लेटफॉर्म पार करते समय उन्हें अचानक तेज लेबर पेन शुरू हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मियों ने तत्काल सहायता पहुंचायी।

संयोगवश, उसी समय एक डॉक्टर यात्री के रूप में वहीं मौजूद थे, जिन्होंने बिना समय गंवाए प्रसव की जिम्मेदारी संभाली। डॉक्टर की तत्परता और रेलवे स्टाफ के सहयोग से महिला की सकुशल डिलीवरी करायी गयी।

डिलीवरी के दौरान डॉक्टर के साथ स्टेशन पर मौजूद सीडब्ल्यू स्टाफ, आरपीएफ और स्टेशन मास्टर ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिला ने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। जन्म के तुरंत बाद मां और नवजात को सुरक्षित महिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां दोनों की स्थिति सामान्य बतायी जा रही है।

Advertisement

रेलवे प्रशासन ने घटना पर त्वरित कार्रवाई करने वाले डॉक्टर और स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि यह उदाहरण दर्शाता है कि इंसानियत हर मुश्किल घड़ी में सबसे बड़ी सेवा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa