वाराणसी
फेसबुक लाइव आकर युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, अस्पताल में तोड़ा दम
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव निवासी नीरज ने जहरीला पदार्थ खाने के बाद फेसबुक (Facebook) पर लाइव आकर आत्मघाती कदम उठाया और अपने ससुराल पक्ष के एक युवक को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। स्वजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
इंटरनेट मीडिया पर युवक का वीडियो प्रसारित होने के बाद उसके आत्मघाती कदम उठाने की जानकारी सामने आई। वीडियो में नीरज जहर खाने की बात कहते हुए एक युवक पर आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। हालांकि आरोपित कौन है और उसकी नीरज से क्या नाराजगी रही, इस संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है। स्वजन द्वारा तहरीर न दिए जाने के कारण पुलिस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कर सकी है।
स्वजनों के अनुसार, नीरज गांव के बाहर नशे की हालत में अचेत पड़ा मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इसके बाद स्वजन ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बताया गया कि मृतक मजदूरी करता था और उसकी शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी पत्नी वर्तमान में मायके में रह रही है।
थाना प्रभारी मिर्जामुराद और कछवां रोड चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
