अपराध
फर्जी डिग्री लगाकर सेना में भर्ती, 19 साल बाद हुआ गिरफ्तार

मऊ। फर्जी डिग्री के सहारे सेना में भर्ती होकर 15 वर्षों तक नौकरी करने वाले विजय बहादुर यादव को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। विजय बाड़ा गांव का निवासी है। जिस पर आरोप है कि उसने 2004 में फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्रों के जरिए सेना में कुक के पद पर भर्ती पाई थी।
पुलिस के अनुसार, सेना में भर्ती के कुछ वर्षों बाद ही अधिकारियों को विजय के प्रमाण पत्रों पर संदेह हुआ। छानबीन शुरू होते ही विजय नौकरी छोड़कर अपने गांव लौट आया। लेकिन कुछ समय बाद उसके पड़ोसियों से विवाद हुआ जिससे मामला पुलिस तक पहुंच गया।
पड़ोसियों ने विजय की फर्जी डिग्री के बारे में पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने जांच की। जांच में मामला सही पाया गया और 2019 में विजय के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस तब से उसकी तलाश कर रही थी।
शनिवार को सूचना मिली कि विजय कोपागंज रेलवे क्रॉसिंग के पास देखा गया है और वह भागने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।