वाराणसी
पेंशनभोगियों के हक में 8वें वेतन आयोग और चिकित्सा भुगतान पर उठी आवाज
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था, शाखा वाराणसी की मासिक बैठक रविवार को डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन, पीडब्लूडी परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के जिलाध्यक्ष इं. एस. डी. मिश्र ने की, जबकि संचालन जिलामंत्री अवध नारायण पाण्डेय द्वारा किया गया।
बैठक की शुरुआत नए सदस्यों के परिचय और मई माह में जन्मे सदस्यों के जन्मदिवस उत्सव से हुई। इसके उपरांत नई प्रबंधकारिणी समिति के पदाधिकारियों, मार्गदर्शक मंडल और विशेष आमंत्रित सदस्यों का अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। पात्र सदस्यों को संस्था की ओर से बैग किट भी वितरित की गई।
पर्यावरण के प्रति संस्था की सक्रियता दिखाते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए फॉर्म वितरित किए गए। साथ ही, भविष्य में इस दिशा में संस्था की भागीदारी को और सशक्त करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में “ऑपरेशन सिंदूर” की चर्चा प्रमुखता से हुई, जिसमें कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह के योगदान को सराहा गया। वक्ताओं ने सशस्त्र बलों में महिलाओं की भूमिका की प्रशंसा करते हुए तीनों सेनाओं को सेल्यूट किया और केंद्र सरकार की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वक्ताओं ने यह विश्वास जताया कि संस्था का हर सदस्य देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत है और भारतीय सेना पर गर्व करता है।
बैठक में 8वें वेतन आयोग के संबंध में केंद्र सरकार से यह अनुरोध किया गया कि पेंशनभोगियों के बीच भेदभावपूर्ण रवैया न अपनाया जाए। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों के समय पर भुगतान की भी मांग की गई।
बैठक को संरक्षक इं. आर. पी. मिश्र, इं. शमसुल आरेफिन, डॉ. परमहंस मिश्र, इं. हीरालाल प्रसाद, इं. हरिशंकर यादव, डॉ. सुधाकर मिश्र, एस.एन. मणि, देवेन्द्रलाल श्रीवास्तव, अमरदेव, राकेश मोहन पाण्डेय, पुष्पा अग्रवाल और रामचंद गुप्ता समेत कई गणमान्य सदस्यों ने संबोधित किया।
