वाराणसी
पूर्व नौकरानी चोरी के आरोप में गिरफ्तार, 12 लाख के गहने बरामद
वाराणसी। पुलिस ने चोरी के आरोप में एक पूर्व नौकरानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला नौकरानी पर 12 लाख रुपये के गहने चुराने का आरोप है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद उसे पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी गहने बरामद कर लिए गए हैं। मामले की जांच जारी है।
भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी के अनुसार, जवाहर नगर एक्सटेंशन की निवासी सीमा गिनोडिया के घर की आलमारी में रखे 30 लाख रुपये के गहने चोरी हो गए थे। दीपावली के अवसर पर आलमारी की सफाई के लिए दूसरी चाभी से उसे खोला गया, तभी चोरी का पता चला। पुलिस ने भेलूपुर थाना में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
सीमा ने पुलिस को बताया कि जिस आलमारी में गहने रखे थे, उसकी चाभी खो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी चाबी नहीं मिली। दीपावली से दो दिन पहले आलमारी को दूसरी चाभी से खोला गया तो उसमें रखी सोने की 15 अंगूठियां, चार हीरे के हार और पेंडेंट, मोती का सेट सहित कई सोने-हीरे के गहने गायब थे। चोरी किए गए गहनों की कुल कीमत 30 लाख रुपये आंकी गई।

सीमा ने एक महीने पहले काम से हटाई गई नौकरानी पर संदेह जताया। पुलिस ने घर में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें 10 अक्टूबर को पूर्व नौकरानी घर में आते और गहने समेटकर जाने दिखायी दी। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने नौकरानी के पति आशीष उर्फ गोलू साहनी और गहने खरीदने वाले सराफा कारोबारी विपिन सेठ को भी गिरफ्तार किया। नौकरानी चोरी के बाद चंदौली के सिकंदरपुर, चकिया स्थित घर में रह रही थी और गहने सराफा कारोबारी को बेच रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जांच जारी है।
