मिर्ज़ापुर
पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, आत्मनिर्भरता के लिए बढ़ाया हौसला

मिर्जापुर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5.0 के तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में महिला बीट आरक्षी, एंटी रोमियो टीम और पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, रेलवे स्टेशन, रोडवेज और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वानिधि योजना, आयुष्मान योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसी लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, महिला उत्पीड़न की रोकथाम और पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के बारे में भी जागरूक किया गया। छोटे बच्चों को गुड टच-बैड टच की पहचान कराई गई और किसी भी समस्या के लिए अपने अभिभावकों या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
सोशल मीडिया और डिजिटल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, साइबर अपराधों और डिजिटल अरेस्ट के बारे में भी जागरूकता फैलाई गई। लोगों को साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
मिर्जापुर पुलिस का यह प्रयास न केवल महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को मजबूत कर रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित कर रहा है। इस अभियान के जरिए पुलिस महिलाओं को निडर और सशक्त बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।