गाजीपुर
पुलिस की मुठभेड़ में बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार

गाजीपुर। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करंडा और बिरनो थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को एक मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया। गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की।
घटना मिशन शक्ति 5.0 के तहत अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, थाना करंडा पुलिस पंजीकृत मुकदमे के संदर्भ में ग्राम ब्राह्मणपुरा में गोली चलाकर क्षेत्र में सनसनी फैलाने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी हेतु क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान ग्राम सुसुंडी, थाना नोनहरा, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर पुलिस गाड़ी को देखकर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और बिरनो की दिशा में भागने लगा।
थानाध्यक्ष करंडा ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करते हुए बिरनो थाना पुलिस को अलर्ट किया। दोनों थाना पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर बदमाश को ग्राम रामदोपुर मच्छर ताली के पास रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरा देखकर बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ संतुलित फायरिंग की।
फायरिंग के दौरान बदमाश के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी बिरनो भेजा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनीश उर्फ रईस यादव, पुत्र विंध्याचल यादव, निवासी ग्राम मानिकपुर कोटे, थाना करंडा, गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।