वाराणसी
पुलिस कस्टडी में अपहरण के आरोपी की संदिग्ध मौत
वाराणसी। बिहार से वाराणसी पुलिस की अभिरक्षा में लाए जा रहे अपहरण के आरोपी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। आरोपी पंचम पांडे का शव मोहनिया-वाराणसी हाईवे पर स्थित एक ढाबे के शौचालय में पाया गया। पुलिस ने नाबालिग किशोरी को भी बरामद किया था, जिसके साथ आरोपी को गिरफ्तार कर टीम वाराणसी लौट रही थी। रास्ते में ढाबे पर खाना खाने के लिए रुकने के दौरान यह घटना घटी।
ढाबे के शौचालय में अचेत मिला आरोपी –
कैंट थाना क्षेत्र की पुलिस टीम, दरोगा गौरव मिश्रा और आयुष पांडेय के नेतृत्व में आरोपी पंचम पांडे (51) को बिहार के भोजपुर से गिरफ्तार किया था। ढाबे पर रुकने के दौरान पंचम ने शौच जाने की अनुमति मांगी। करीब आधे घंटे तक बाहर से आवाज लगाने पर भी अंदर से कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया जहां पंचम पांडे अचेत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या या आकस्मिक मौत ? जांच जारी –
पुलिस हिरासत में संदिग्ध मौत से विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई है और इस संबंध में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त रिपोर्ट मानवाधिकार आयोग को भेजी जाएगी। पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतक की मौत हार्ट अटैक से हुई होगी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
23 अक्टूबर को लापता हुई थी किशोरी –
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र से 23 अक्टूबर को एक 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। परिजनों के अनुसार, वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसका इलाज चल रहा है। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी पंचम पांडेय का सुराग मिला और उसे पकड़ने के लिए एक टीम बिहार भेजी गई जहां किशोरी को आरोपी के साथ बरामद किया गया।
पंचम पांडेय की पुलिस अभिरक्षा में मौत के बाद प्रशासन ने मामले को गहनता से जांचने का फैसला लिया है। मोहनिया क्षेत्राधिकारी की देखरेख में इस घटना की जांच की जा रही है।
