वाराणसी
पशुपतेश्वर महादेव आश्रम के महंत बाल योगी पर जानलेवा हमला, कब्जे की साजिश का आरोप
वाराणसी । पावन काशी की तपोभूमि बुधवार की रात उस समय दहल उठी जब अराजक तत्वों ने पशुपतेश्वर महादेव आश्रम के महंत बाल योगी पर जानलेवा हमला कर दिया। आश्रम में घुसे हमलावरों ने महंत पर ईंट-पत्थर से वार कर उन्हें बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। हमले के दौरान महंत के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, जिनकी भीड़ देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के लगभग 40 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया। घायल महंत को तत्काल मंडलीय कबीरचौरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें वार्ड नंबर 1 के बेड नंबर 6 पर भर्ती कर इलाज जारी है। संत समाज में इस हमले को लेकर गहरा क्षोभ है। महामंडलेश्वर सतुआ बाबा संतोष दास जी स्वयं देर रात तक बाल योगी का हाल-चाल जाना।

इस हमले को लेकर आश्रम के महंत ने बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह हमला केवल व्यक्तिगत रंजिश नहीं बल्कि आश्रम की जमीन पर कब्जा जमाने की सोची-समझी साजिश है। महंत ने बताया कि उन्होंने लगभग एक माह पूर्व पुलिस आयुक्त से मिलकर अपनी जान को खतरे में बताया था और सुरक्षा की मांग की थी। उनका यह भी आरोप है कि आश्रम की कुछ जमीनों पर पहले ही पुलिस की मिलीभगत से भूमाफियाओं ने कब्जा कर लिया है और अब शेष हिस्से पर कब्जे के लिए उन पर हमला कराया गया है।
