गोरखपुर
पंद्रह दिन तक भटकती रही पीड़िता, सीओ ने दिया मुकदमा दर्ज करने का निर्देश
गोला पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
गोला बाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम पटौहाँ निवासी मीना पत्नी रामनाथ उर्फ टसर को न्याय के लिए करीब 15 दिनों तक भटकना पड़ा। थाने में शिकायत देने के बावजूद सुनवाई न होने से परेशान पीड़िता ने अंततः मंगलवार को क्षेत्राधिकारी गोला को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता मीना के अनुसार घटना 19 जनवरी की रात लगभग 8:30 बजे की है। दो अज्ञात युवक बाइक से आकर उसके घर के सामने खड़े होकर शराब पीने लगे। जब मीना ने उन्हें घर के सामने शराब पीने से मना किया तो दोनों ने फोन कर अपने चार अन्य साथियों को बुला लिया। इनमें से एक की पहचान गोलू यादव पुत्र रणजीत यादव निवासी कोहरा के रूप में हुई है।
आरोप है कि सभी आरोपियों ने मिलकर मीना, उसके पति रामनाथ और उनकी तीन बेटियों के साथ गाली-गलौज की और लात-घूंसे से जमकर मारपीट की। मारपीट में मीना का हाथ टूट गया। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसके पति ने थाना गोला में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लगातार चक्कर लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो मजबूर होकर मंगलवार को पीड़िता ने सीओ गोला से शिकायत की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी गोला ने कोतवाली गोला को मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके बाद थाना गोला में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में सीओ के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई शुरू होने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिरकार पीड़िता को पहले ही दिन न्याय क्यों नहीं मिला।
