गोरखपुर
पंकज चौधरी ने दाखिल किया नामांकन
लखनऊ/ गोरखपुर। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महराजगंज से सात बार सांसद रह चुके पंकज चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। वे अब तक इस पद के लिए नामांकन करने वाले एकमात्र उम्मीदवार हैं, जिससे यह लगभग तय माना जा रहा है कि औपचारिक घोषणा के साथ ही उन्हें यह जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, वरिष्ठ नेता महेंद्र नाथ पांडे तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मौजूद रहीं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रविवार को उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
पंकज चौधरी को पार्टी के प्रमुख ओबीसी चेहरों में गिना जाता है। वे कुर्मी समाज से आने वाले नेताओं में प्रभावशाली माने जाते हैं। यदि वे प्रदेश अध्यक्ष बनते हैं, तो कुर्मी समाज से आने वाले चौथे नेता होंगे जिन्हें यह जिम्मेदारी मिलेगी। इससे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्र देव सिंह इस पद पर रह चुके हैं। पार्टी के भीतर यह फैसला पूर्वांचल में संगठन को मजबूत करने और ओबीसी वर्ग के बीच पकड़ बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

पंकज चौधरी का राजनीतिक सफर वर्ष 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में शुरू हुआ था। उसी वर्ष वे उपसभापति भी चुने गए। वर्ष 1991 में मात्र 27 वर्ष की आयु में उन्हें महराजगंज लोकसभा सीट से भाजपा ने मैदान में उतारा और वे पहली बार सांसद बने। इसके बाद उन्होंने 1991, 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 और 2024 में लोकसभा चुनाव जीतकर कुल सात बार संसद पहुंचने का रिकॉर्ड बनाया। केवल 1999 और 2009 के चुनावों में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा।
2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें अपने गढ़ में कड़ी चुनौती मिली, बावजूद इसके उन्होंने कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी को 35 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराकर लगातार दूसरी हैट्रिक और कुल सातवीं जीत दर्ज की। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी छवि एक सुलभ और जमीनी नेता की रही है, जो हर राजनीतिक परिस्थिति में संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहे।
महराजगंज जिला पंचायत पर भी लंबे समय से चौधरी परिवार का प्रभाव रहा है। उनके बड़े भाई स्वर्गीय प्रदीप चौधरी जिला पंचायत अध्यक्ष रहे, जबकि उनकी माता उज्ज्वल चौधरी भी इस पद पर दो बार चुनी गईं। विभिन्न राजनीतिक दौरों में भी यहां उनकी पकड़ बनी रही।
वर्तमान में पंकज चौधरी केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री हैं। वर्ष 2021 में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में उन्हें पहली बार मंत्री बनाया गया था और 2024 में तीसरे कार्यकाल में भी उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी दी गई। करीब साढ़े तीन दशक के राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक निष्ठा के चलते अब उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने की पूरी संभावना है।
